बिजनौर। तमंचों से लैस बदमाशों ने मजदूरी से लौट रहे दो मजदूरों से लूटपाट की कोशिश की और विरोध करने पर एक मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के बाद बदमाश खेतों में फरार हो गया। घटना का पता चलने पर गांव वाले मौके पर पहुंच गए और हंगामा किया। गांव वाले मृतक के परिवार को मुआवजा व हत्यारों की गिरफ्तारी के बाद ही शव उठने देने की बात पर अड़ गए।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव कंभौर निवासी 23 वर्षीय केवल सिंह व राकेश शहर में आकर मकानों के निर्माण या दूसरे कामों में मजदूरी करते थे। दोनों साइकिल से ही कंभौर रोड से गांव आते जाते। यह सड़क शाम को अक्सर सुनसान हो जाती है। रविवार शाम सात बजे के बाद दोनों साइकिल से गांव लौट रहे थे। पुल के पास उनको हथियारों से लैस चार-पांच बदमाशों ने घेर लिया। बदमाशों ने दोनों से मारपीट की। बदमाश लूट के इरादे से केवल सिंह को सड़क के एक ओर व राकेश को दूसरी ओर ले जाने लगे। इस बीच शहर की ओर कुछ वाहन उस रास्ते पर आने लगे। वाहनों की लाइट को देखकर केवल ने बदमाशों के सामने विरोध करने की कोशिश की तो बदमाशों ने केवल को तमंचे से गोली मार दी। गोली केवल के सीने में लगी और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद बदमाश खेतों में फरार हो गए। घटना का पता चलने पर हड़कंप मच गया। गांव वाले भी मौके पर आ गए। शहर कोतवाल फतेह सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। केवल की मौत से आक्रोशित गांव वाले हंगामा करने लगे। गांव वालों का कहना है कि पुलिस कुछ नहीं कर रही है। पुलिस की निष्क्रियता के कारण ही अब बदमाश गरीबों को लूटने तक से पीछे नहीं हट रहे हैं। गांव वाले मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने व बदमाशों की तुरंत गिरफ्तारी पर अड़ गए। गांव वालों ने मुआवजे की घोषणा न होने तक केवल सिंह का शव उठने देने से साफ इनकार कर दिया। एपी सिटी रामधारी चौरसिया और एसडीएम सत्येंद्र कुमार भी मौके पर पहुुंच गए और मृतक के परिजनों व गांव वालों को शव उठने देने के लिए समझाया।