पशु तस्करों से मुठभेड़ में सिपाही घायल, बदमाश गिरफ्तार
आदमपुर के गांव मजरा बहादुरपुर में किसान के घर से भैंसा चोरी कर सेंट्रो कार से ले जा रहे थे
जाग होने पर ग्रामीणों ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने तमंचे दिखा कर ग्रामीणों के कदम रोक दिये
ग्रामीणों की सूचना पर आदमपुर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर मुठभेड़ में दो बदमाशों को पकड़ा
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा/ढबारसी/बुरावली।
आदमपुर थाना क्षेत्र के गांव मजरा बहादुरपुर में शनिवार को आधी रात में किसान के घर से भैंसा चोरी कर सेंट्रो कार से ले जा रहे बदमाशों का ग्रामीणों से आमना-सामना हो गया। हालांकि बदमाशों ने तमंचे का भय दिखा कर ग्रामीणों के कदम रोक दिये। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर रही पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। फायरिंग हुई। इसी दौरान एक सिपाही बदमाश से भिड़ गया। जिससे दोनों के बीच हाथापाई हुई। तमंचे की बट लगने से सिपाही लहूलुहान हो गया। पुलिस ने पांच हजार के ईनामी बदमाश समेत दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पशु और सेंट्रो कार कब्जे में ली है। रविवार को पुलिस सभागार में अपर पुलिस अधीक्षक ने प्रेस वार्ता में मुठभेड़ का खुलासा किया है।
हुआ यूं कि ब्रजपाल सिंह पुत्र नारायण सिंह निवासी ग्राम मजरा बहादुरपुर का भतीजा सुरेश शनिवार की रात परिवार के साथ घर में सो रहा था। आधी रात के बाद करीब ढाई बजे बदमाशों ने सुरेश के घर में बंधा भैंसा खोल लिया और सेंट्रो कार में डाल कर ले जाने लगे। इसी दौरान आहट होने पर सुरेश की आंख खुल गई। शोर मचने पर ग्रामीण लाठियां लेकर घरों से बाहर आ गए और बदमाशों की कार का पीछा किया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने तमंचे निकाल लिये और धमकाते हुए ग्रामीणों के कदम रोक दिये। तमंचे के भय से ग्रामीण आगे बढ़ने का साहस नहीं कर सके। बदमाश आराम से निकल गए। इसी बीच ग्रामीणों ने आदमपुर थाना पुलिस को खबर कर दी। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल हरकत में आयी और घेराबंदी की। इस दौरान पुलिस को ढोकला मोड़ पर सेंट्रो कार दिखायी दी। जैसे ही पुलिस टीम गाड़ी की तरफ बढ़ी तो गाड़ी के पास खडे़ 4 बदमाशों में से दो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायर किया। सिपाही अनुज कुमार बाल-बाल बचा। सिपाही एक बदमाश से भिड़ गया। जिससे बदमाश ने तमंचे की बट से सिपाही के सिर पर वार कर दिया। जिससे सिपाही अनुज कुमार घायल हो गया। पुलिस दो बदमाशों को पकड़ने में सफल हो गई। जबकि दो बदमाश भाग निकले। अपर पुलिस अधीक्षक बृजेश सिंह ने बताया कि नासिर अली निवासी ग्राम मढलई थाना नखासा जनपद सम्भल व नौमान निवासी मोहल्ला मियां सराय कोतवाली संभल को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से एक-एक तमंचा 315 बोर और दो खोखा कारतूस व दो जिंदा कारतूस समेत चोरी किया गया पशु मय सेंट्रो कार कर बरामद किया गया है। मुकदमा दर्ज कर चालान किया गया है।
पांच हजार का ईनामी है नासिर
मुठभेड़ में गिरफ्तार नासिर शातिर किस्म का अपराधी है। नासिर गैंगस्टर एक्ट थाना नौगावां सादात से वांछित चल रहा था। एएसपी ने बताया कि नासिर के खिलाफ गैर जनपदों में कई मामले दर्ज हैं। अमरोहा में पशु चोरी समेत अन्य मामलों में नासिर पर पुलिस अधीक्षक अमरोहा की ओर से 5000 रुपये का पुरस्कार घोषित किया गया था।
पुलिस टीम
आदमपुर थानाध्यक्ष नवाब सिंह, एसआई जैतराम, एसआई पंकज कुमार, कांस्टेबल अनुज कुमार, कृष्णवीर सिंह, योगेश कुमार, दीपक कुमार, मनोज कुमार, अशोक कुमार शामिल थे।