चौकीदार को बंधक बनाकर स्कूल में लूट
शेरकोट। पुलिस थाने से मात्र कुछ दूरी पर स्थित बाबू जी मेमोरियल स्कूल में शनिवार रात बदमाशों ने स्कूल के चौकीदार को बंधक बना कर विद्यालय में लूटपाट की। चौकीदार का कहना है कि जब उसने विरोध किया तो बदमाशों ने उसे जान से मारने तक की धमकी दी। बदमाश इस दौरान विद्यालय के कमरों का ताला तोड़ कर स्कूल में लगे तीन बैटरी, इंवर्टर, सिलिंडर व विद्यालय के दस्तावेजों को लूट कर ले गए। पुलिस से घटना का जल्द खुलासा कर लूटे माल को बरामद करने की मांग की है। वहीं पुलिस ने स्कूल प्रबंधक की तहरीर पर रिपोर्ट कायम कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बाबू जी मेमोरियल स्कूल के प्रबंधक सबील खान ने पुलिस में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि पुलिस थाने से कुछ ही दूरी पर उनका विद्यालय है। शनिवार रात करीब एक बजे बदमाश स्कूल में घुस आए। स्कूल में रामकिशन चौकीदारी करता है। बदमाशों ने स्कूल में घुसने के बाद चौकीदार को बंधक बना लिया। उसके कमरे में बंद कर दिया। चौकीदार को कमरे में बंद करने के बाद बदमाशों ने आराम के साथ स्कूल को खंगाला। बदमाशों के हाथ जो लगा, लूट कर गए। बदमाशों ने प्रधानाचार्य के कार्यालय का भी ताला तोड़ा। लेखा विभाग को खंगाला। बदमाश स्कूल से विद्यालय के दस्तावेज, विद्यालय के लगे तीन बैटरी, एक एयरगन, सिलिंडर आदि सामान लूट कर ले गए। घटना का पता दिन निकलने के बाद लगा। जब लोगों का स्कूल की ओर से आवागमन शुरू हो गया। उधर थानाध्यक्ष हिमांशु चौहान का कहना है कि पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। जल्द ही घटना का खुलासा होगा।