मंडावली पुलिस ने पकड़ी शराब की भट्ठी
मंडावली/नजीबाबाद। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर गांव सीतावाली के जंगल में छापा मारकर शराब बनाने की भट्ठी पकड़ी। मौके से दो आरोपियों को दबोच लिया। मौके से बड़ी मात्रा में अवैध शराब और शराब बनाने का कच्चा माल बरामद किया।
मंडावली थाना अध्यक्ष संदीप त्यागी के नेतृत्व में एसआई साहब सिंह, हरेंद्र सिंह, बलराम सिंह ने पुलिस बल के साथ गांव सीतावाली में दबिश देकर कच्ची शराब बनाने की भट्टी पकड़ी। मौके से 50 लीटर कच्ची शराब, 150 लीटर शराब बनाने का लाहन बरामद किया। दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर उनके पास से शराब बनाने के उपकरण बरामद किए। आरोपियों में मंडावली थाना क्षेत्र के गांव सीतावाली निवासी नरेश कुमार, प्रेमपुरी निवासी सहदेव है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। बरामद 150 लीटर लाहन पुलिस ने मौके पर ही नष्ट कर दिया। थानाध्यक्ष संदीप त्यागी ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ लगातार अभियान चलेगा।