खंभे से टकराकर बाइक सवार युवक की मौत
मंडावर। दीपावली के लिए प्रचार करने गए बाइक एजेंसी के एक कर्मचारी की खंभे से टकराकर मौत हो गई, जबकि उसका साथी कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजन शव को अपने साथ ले गए। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।
थाना क्षेत्र के गांव लायकपुरी निवासी प्रवेश कुमार एक बाइक एजेंसी पर काम करता था। शनिवार को वह अपने साथी के साथ बाइक से दीपावली के लिए बाइकों का प्रचार-प्रसार करने क्षेत्र के गांवों में गया था। लौटते समय गांव खोजगीपुर और बहादरपुर के बीच पहुंचने पर किसी वाहन से बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे विद्युत पोल से टकरा गई। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों ने पुलिस को सूचित कर दोनों को मंडावर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। वहां चिकित्सकों ने प्रवेश को मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों के मुताबिक प्रवेश की शादी करीब एक वर्ष पूर्व हुई थी।