बिजनौर। सपाइयों की रार थम नहीं रही है। मंगलवार को पार्टी कार्यालय पर दो पक्षों में मारपीट के बाद बुधवार को नगर पालिका की चेयरपर्सन रुखसाना परवीन के बारे में अभद्र टिप्पणी करने पर सपा नेता जावेद राईन और उसके भाई के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
चेयरपर्सन रुखसाना परवीन के देवर इमरान अंसारी ने शहर कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट दर्ज में बताया कि 24 दिसंबर को प्रदेश सरकार के निर्देश पर चलाए गए स्वच्छता अभियान के तहत सफाई में बिजनौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया था। प्रदेश सरकार ने 25 दिसंबर को अध्यक्ष और ईओ को सम्मानित करने के लिए लखनऊ बुलाया था। समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दोनों को सम्मानित किया था। आरोप है कि मोहल्ला चाहशीरी निवासी सपा नेता जावेद राईन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रुखसाना परवीन को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी सोशल मीडिया पर पोस्ट की। ऐसा करके जावेद राईन ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व रुखसाना परवीन को अपमानित किया। साथ ही स्वच्छता मिशन को भी धूमिल किया। 11 फरवरी को जावेद राईन व उसके भाई जुनैद राईन ने फेसबुक पर दो एकाउंट पर चेयरपर्सन पर अभद्र टिप्पणी की। एसएसआई नरेंद्र गौड़ ने बताया कि मामले में जावेद राईन व उसके भाई जुनैद राईन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।