जलीलपुर (बिजनौर)। सैदाबाद के जंगल में बाइक सवार चार बदमाशों ने चालक को आतंकित करते हुए ट्रैक्टर लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने चालक को पीटा और फरार हो गए।
हीमपुरदीपा थाना क्षेत्र के जलीलपुर छाछरी मोड़ मार्ग पर शनिवार की देर शाम करीब नौ बजे पॉपुलर की लकड़ी से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली यमुनानगर जा रही थी। गांव सैदाबाद के जंगल में चार बाइक पर सवार बदमाशों ने चालक को आतंकित करते हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोक लिया। बदमाशों ने सहारनपुर जिले के थाना चिलकाना के गांव नन्हेड़ा निवासी चालक मसूद को बंधक बनाकर खेतों में बैठा लिया। बदमाशों ने लकड़ी से लदी ट्रॉली सड़क पर ही छोड़ दी। दो बदमाश ट्रैक्टर लूटकर फरार हो गए, जबकि दो बदमाश मसूद के हाथ बांधकर उसे अपने पास ही खेतों में बैठाए रहे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसे पीटा और गोली मारने की धमकी देते हुए खेतों के रास्ते दौड़ने के लिए कहा। बदमाशों के चले जाने के बाद मसूद ने कोतवाली देहात थाने के गांव दावकी जुन्नारदार निवासी ट्रैक्टर मालिक पैगाम को दी। पैगाम ने बताया की ट्रैक्टर तीन दिन पूर्व जलीलपुर ब्लाक से पॉपुलर की लकड़ी लेने गया था। घटना की तहरीर थाने में दे दी गई है, पुलिस बदमाशों की तलाश में जुटी है।