कुछ लोगों ने कब्जा कर गांव के ही दूसरे समुदाय के व्यक्ति को बेच दी थी मंदिर की भूमि
अमर उजाला ब्यूरो
जोया।
डिडौली कोतवाली क्षेत्र के गांव सहसपुर अली नगर में मंदिर की भूमि पर अवैैध निर्माण को लेकर बुधवार की सुबह दो संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया। गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
करीब चालीस साल पहले गांव के नन्हू तुर्क ने 10 बीसे भूमि मंदिर बनाने के लिए हिंदुओं के लिये दान में दी थी। वर्षों से भूमि खाली पड़ी रही। मंदिर भी नहीं बन सका। खाली पड़ी भूमि को देख गांव के जगराम, कृष्णपाल, राजाराम ने मिल कर कब्जा कर लिया। जो दो माह पहले जगराम पाल ने गांव के ही हनीफ पुत्र खुर्शीद को ढाई लाख रुपये में बेच दी थी। हनीफ ने खरीदी हुई भूमि पर मकान का निर्माण शुरू किया। गांव के लोगों को पता चला तो बुुधवार की सुबह निर्माण रुकवाने के लिए मौके पर पहुंच गए। किरन, पुष्पा देवी, मुन्नी देवी, ओमवती, फूलवती, कलावती, उर्मिला, सुखिया, हरचरन, चरन सिंह, ओमप्रकाश, रामरतन, चेतराम, लाला, प्रीतम सिंह, गजराम आदि ने मौके पर पहुंच कर विरोध शुरू कर दिया। जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। वहीं किसी ने 100 डायल पुलिस को सूचना दे दी। 100 पुलिस मौके पर पहुंची और कोतवाली पुलिस को मामले से अवगत कराया। डिडौली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य रुकवा दिया। जगराम सिंह पाल व राजू सिंह को हिरासत में ले लिया और थाने ले गई। गांव में तनाव पूर्ण शांति है।
सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंच कर निर्माण कार्य रुकवा दिया है, दोनों पक्षों को कागजात लाकर दिखाने को कहा गया है, इसके बाद ही अगली कार्रवाई की जाएगी।
- हरपाल सिंह बालियान, प्रभारी निरीक्षक।