आर्थिक तंगी से क्षुब्ध छात्रा ने फांसी लगाई
हल्दौर (बिजनौर)।
परिवार की आर्थिक तंगी अच्छी नहीं होने से क्षुब्ध एक छात्रा ने बंद कमरे में अपने दुपट्टे से फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस और उसके परिजनों ने मकान का दरवाजा तोड़कर छात्रा के शव को बाहर निकाला । शव को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया गया।
मोहल्ला खेड़ा निवासी महेंद्र सैनी की 14 वर्षीय पुत्री काजल सीडी इंटर कॉलेज में कक्षा दस की छात्रा थी। उसका पिता प्लंबर है। पिता के अनुसार काजल होनहार थी। वह व्यवसायिक कोर्स करना चाहती थी। मगर, परिवार की आर्थिक तंगी के कारण वह कोर्स नहीं कर पा रही थी। उसने भी धन के अभाव में उसे व्यवसायिक कोर्स की पढ़ाई करने से मना किया था। इसी को लेकर वह कई दिनों से तनाव में थी। सोमवार की रात काजल अपने कमरे का दरवाजा बंद करके सो गई। मंगलवार की सुबह परिजनों ने काजल के कमरे का दरवाजा खुलवाने का प्रयास किया। मगर, दरवाजा न खुलने पर परिजनों के हाथ पांव फूल गए। उन्होंने पुलिस को सूचना दी। पुलिस और परिजनों ने दरवाजा तोड़ा तो सब होश उड़ गए। छात्रा का शव मकान की छत में लगे कुंदे से लटका हुआ था। उसके गले में दुपट्टे का फंदा बंधा था। छात्रा की मौत से उसके परिवार में कोहराम मच गया। पड़ोस का माहौल भी गमगीन हो गया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भिजवाया।