बैंक से फर्जी ढंग से ऋण लेने का आरोप
धामपुर (बिजनौर)। गांव इब्राहिमपुर नारायण के किसान ने एसडीएम को ज्ञापन देकर गांव के ही एक व्यक्ति पर उसकी जमीन पर फर्जी ढंग से कर्ज लेने का आरोप लगाया है। उसने जांच कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
गांव के राम बहादुर सिंह पुत्र मंगल सिंह ने एसडीएम को दिए ज्ञापन में कहा कि उसके मां-बाप की मौत हो चुकी है। वह अकेला रहता है और दिल का मरीज है। चिकित्सक ने उसे बीमारी के इलाज के लिए ज्यादा रकम बताई तो वह अपनी भूमि पर कैनरा बैंक से कर्ज लेने गया। वहां जाकर पता लगा कि उसकी भूमि पर पहले ही से तीन लाख रुपये का कर्ज है। बैंक अधिकारियों से पूछताछ में पता लगा कि गांव के ही एक व्यक्ति ने उसकी खसरा, खतौनी पर अपना फोटो लगाकर फर्जी ढंग से तीन लाख रुपये का कर्ज ले रखा है।
राम बहादुर का कहना है कि बैंक अधिकारी उस पर कर्ज जमा करने का दबाव बना रहे हैं। पीड़ित ने एसडीएम से जांच कर आरोपी से ही ऋण जमा कराने की मांग की है। एसडीएम वीके सिंह ने मामले में जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिया है।