दोनों पक्षों की तहरीर पर दस नामजद सहित 16 लोगों पर केस दर्ज
नगीना। एक समुदाय के कुछ युवकों द्वारा दूसरे समुदाय के इसी मोहल्ले के एक युवक के मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ने को लेकर दोनों समुदाय के लोगों में कहा सुनी के बाद लाठी-डंडे चले । पथराव हो गया। इसमें एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कराया। सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ, एसडीएम तथा थाना प्रभारी ने मामला शांत कराया। दोनों पक्षों की अलग अलग तहरीर पर 10 लोगों को नामजद करते हुए 16 के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों के घरों पर दबिश दी जा रही है।
बृहस्पतिवार की देर रात बजे खुर्रमअली सराय के एक समुदाय के कुछ युवक चौराहे पर खड़े सिगरेट पी रहे थे ।तभी वहां से दूसरे समुदाय का इसी मोहल्ले का एक युवक कपिल गुजरा तो उन्होंने उसके मुंह पर सिगरेट का धुआं छोड़ दिया ।इसका युवक ने विरोध किया । दोनों में कहा-सुनी हो गई। दोनों ने अपने अपने पक्ष के लोगों को बुला लिया और गाली गलौज के बाद लाठी डंडे व पथराव शुरू हो गया। इससे अफरा-तफरी मच गई। इसमें एक पक्ष के तीन लोग सूरज, कपिल व राजकुमार घायल हो गए। दूसरे पक्ष के भी मामूली चोटें आईं। सूचना पर पुलिस ने आनन -फानन में मौके पर पहुंचकर मामले को शांत कराया । कुछ लोगों को हिरासत में लिया तथा घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात कर दिया। पुलिस ने एक समुदाय के सूरज की तहरीर पर वसी, भूरे ,तौहीद, अनस दूसरे पक्ष के शाहवेज की तहरीर पर कपिल, सूरज, राजकुमार, बिट्टू, भारत तथा छह अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली हैं। आरोपियों के घरों पर दबिश दी जा रही है। थाना प्रभारी संजय कुमार धीर ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर रहे सीओ प्रवीण कुमार ने बताया कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए कार्रवाई की जा रही है। माहौल खराब करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। स्थिति सामान्य है ।बराबर चौकसी बरती जा रही है। एसडीएम गजेंद्र कुमार का कहना है मामले पर बराबर निगाह रखी जा रही है।