तीन राशन डीलर के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
चांदपुर। जिलाधिकारी के आदेश पर आपूर्ति विभाग ने सरकारी गल्ले की काला बाजारी करने के मामले में तीन राशन डीलरों के खिलाफ धोखाधड़ी में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तीन अन्य के खिलाफ रिपोर्ट लिखने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।
खाद्य तथा रसद विभाग उत्तर प्रदेश के पत्र के क्रम में राशन डीलरों द्वारा सरकारी गल्ले की कालाबाजारी के लिए आधार ऑथेन्टिकेशन सुविधा का दुरुपयोग कर अनेक राशन कार्डों के लिए एक आधार नंबर का प्रयोग किया गया है। क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी महेश चंद्र गौतम ने राशन डीलर ने धोखाधड़ी कर सरकारी गल्ले की काला बाजारी कर अनाधिकृत रूप से धन कमाने के संबंध में मोहल्ला चिम्मन के उचित दर विक्रेता महेंद्र कुमार, मोहल्ला सरायरफी के उचित दर विक्रेता श्रवण कुमार तथा मोहल्ला मुफ्ती सराय के उचित दर विक्रेता यतीश कुमार के खिलाफ धारा 420, 3/7 आवश्यक वस्तु अधिनियम में पुलिस में रिपोर्ट लिखाई है। पूर्ति निरीक्षक योगेश कुमार ने उचित दर विक्रेता खुर्शीद अनवर, उचित दर विक्रेता मोहम्मद असलम, उचित दर विक्रेता सुरेश कुमार के खिलाफ रिपोर्ट लिखाने के लिए पुलिस को तहरीर दी है।