एटीएम बदलकर रुपये उड़ाने वाला दबोचा
नूरपुर (बिजनौर)। पुलिस ने एटीएम कार्ड बदलकर रुपये उड़ाने वाले एक बदमाश को दबोचा है। उसके पास से 22 एटीएम कार्ड बरामद किए गए हैं। पकड़ा गया युवक एटीएम बूथ में रुपये निकालने आए लोगों को झांसा देकर उनका कार्ड बदल लेता था, बाद में उनके खाते से रुपये निकाल लेता था।
गांव रहटी जागीर निवासी राहुल ने तीन दिन पूर्व अज्ञात युवक के विरुद्घ एटीएम कार्ड बदलकर 30 हजार रुपये निकालने का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कस्बा इंचार्ज केके मिश्रा ने बताया कि सोमवार को पुलिस ने पंजाब नेशनल बैंक के बाहर संदिग्ध रूप से खड़े एक युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास से विभिन्न बैंकों के 22 एटीएम कार्ड बरामद हुए। पूछताछ में उसने अपना नाम गाजियाबाद के लोनी निवासी दानिश बताया है। दानिश ने विभिन्न बैंकों के नकली एटीएम बना रखे थे, जो दिखने में असली लगते थे।
एटीएम बूथ में खड़ा होकर वह किसी ऐसे आदमी का इंतजार करता था जिसे एटीएम चलाने की कम जानकारी हो। ऐसे लोगों को झांसा देकर वह उनका एटीएम कार्ड बदल देता था। साथ ही वह बहाने से उनका पिन नंबर भी पूछ लेता था। इसके बाद वह रुपये न निकलने का बहाना बनाकर वहां से खिसक जाता था और किसी अन्य एटीएम से रुपये उड़ा लेता था। उसने गाजियाबाद, नूरपुर, चांदपुर, गजरौला आदि से कई लोगों के एटीएम बदलकर रुपये उड़ाए हैं। पुलिस ने पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया है।