विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत
किरतपुर। गांव छोटी ज्वाली में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। विवाहिता की मां ने हत्या का आरोप लगाते हुए ससुरालियों के खिलाफ नामजद तहरीर देकर हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने उसके पति और सास को हिरासत में ले लिया है।
नगीना थाना देहात के गांव कोटकादर निवासी खलीक की 22 वर्षीय पुत्री गुलअफशां का विवाह 20 दिन पूर्व किरतपुर थाना क्षेत्र के गांव छोटी ज्वाली में शाहिद के पुत्र आकिब के साथ हुआ था। आकिब पत्नी गुलअफशां को तीन दिन पूर्व कोटकादर से छोटी ज्वाली लेकर आया था। बृहस्पतिवार सुबह गुलअफशां की ननद तबस्सुम ने मोबाइल फोन पर उसकी मां को सूचना दी तुम्हारी बेटी की हालत खराब है उसे पूजा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। थोड़ी देर बाद ही फिर फोन पर बताया कि गुलअफशां ने जहर खा लिया है, उसकी मौत हो गई है। सूचना पर दिलशाद बानो अपने परिजनों के साथ छोटी ज्वाली पहुंचीं। वहां देखा कि गुलअफशां की गर्दन पर रस्सी के और शरीर पर चोट के निशान थे। दिलशाद बानो ने ससुराल पक्ष पर दहेज में एक लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। कहा कि दहेज की मांग पूरी न करने पर उसकी हत्या कर दी गई। दिलशाद बानो कोट कादर के ग्राम प्रधान जाहिद, बसपा नेता इजहार, आबिद, नईम एडवोकेट, दिलशाद, आफताब, सरफराज, हसीन और पूर्व राज्यमंत्री धनीराम सिंह आदि के साथ थाने पहुंची। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक लव सिरोही, सीओ नजीबाबाद अरुण कुमार, नायब तहसीलदार चंद्रकांत त्रिपाठी मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।