दरोगा हत्याकांड का खुलासा न होने पर डीआईजी नाराज
बिजनौर।
डीआईजी मुरादाबाद ओंकार सिंह ने शनिवार को दरोगा सहजोर मलिक हत्याकांड में अब तक की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अब तक कातिलों का सुराग नहीं लगने पर नाराजगी जताई।
शहर कोतवाली के समाधान दिवस में पहुंचे डीआईजी ने तहसीलदार से शिकायतों के बारे में पूछा। शहर कोतवाल प्रेमवीर राणा ने बताया कि पांच शिकायतें आई थीं। इनमें एक शिकायत दारानगर गंज में अवैध कब्जे की थी। पुलिस अवैध कब्जा गिराने गई है। डीआईजी ने पुलिस लाइन में अफसरों से दरोगा सहजोर हत्याकांड की प्रगति के बारे में पूछताछ की। अफसरों ने डीआईजी से कहा कि कई बिंदु़ओं पर जांच चल रही है। अभी कातिलों का पता नहीं चला है। डीआईजी ने कहा कि पुलिस का अपने परिवार के सदस्य की हत्या का मामला तक न खोल पाना शर्मनाक है। उन्होंने पुलिस को जल्द इस हत्याकांड को खोलने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी अतुल शर्मा, एसपी देहात दिनेश सिंह, एसपी सिटी रामधारी चौरसिया और हत्याकांड के खुलासे में लगी टीम मौजूद रही।