चक्कर खाकर गिरा किसान, मौत
स्योहारा। पैदल अपने घर जा रहे एक किसान की चक्कर आने से मौत हो गई। इससे परिजनों में कोहराम मच गया। लोगों ने पुलिस पर एक घंटे की देरी से पहुंचने का आरोप लगाया, जबकि थाने की दूरी घटना स्थल से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित है। पुलिस के अनुसार जेब से मिले आधार कार्ड से मृतक की पहचान हुई।
शनिवार को गांव जमापुर जागीर निवासी गंगाधर (58) किसी काम से स्योहारा आया था। शाम के समय वह पैदल ही अपने गांव के लिए जा रहा था। एमक्यू इंटर कॉलेज के पास स्थित मस्जिद के पास पहुंचा तो अचानक उसे चक्कर आ गया। इससे वह नीचे गिरकर बेहोश हो गया। इसी बीच वहां पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। राहगीरों ने इसकी पुलिस को दी। घटना स्थल से थाने की दूरी महज 50 कदम की दूरी पर स्थित है। इसके बावजूद पुलिस लगभग एक घंटे की देरी से पहुंची। इसे लेकर लोगों में आक्रोश फैल गया। इसके बाद गंगाधर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। वहां के चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चिकित्सक के अनुसार व्यक्ति को हार्ट अटैक हुआ था। पुलिस के अनुसार व्यक्ति की पहचान उसकी जेब से मिले आधार कार्ड से हुई। थाना प्रभारी निरीक्षक उदय प्रताप सिंह ने बताया कि वे चुनाव संबंधी एक ट्रेनिंग में बिजनौर गए थे मामला उनके संज्ञान में नहीं है। उन्होंने बताया कि यदि वास्तव में ही पुलिस ने घटनास्थल तक पहुंचने में देरी की है तो मामले जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।