दिनदहाड़े ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से लूटपाट
नहटौर। स्टेट बैंक के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक से तीन बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने करीब दो लाख रुपये व लैपटॉप लूट लिया। संचालक के सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। लूटपाट करने के बाद जाते समय दो हवाई फायर भी किए। घायल को निजी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया।
गांव तुराबनगर नंगला निवासी विष्णु कुमार ने नहटौर-धामपुर मार्ग पर ओबीसी बैंक के पास स्टेट बैंक का ग्राहक सेवा केंद्र खोल रखा है। वह ग्राहक सेवा केंद्र पर खाता धारकों से लेनदेन करने का काम करता है। शनिवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह गांव से बाइक से नहटौर-बलदाना मार्ग की ओर जा रहा था। तुराबनगर और बलदाना के बीच एक आम के बाग के पास पीछे से आए तीन नकाबपोश बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक करते हुए उसे रोक लिया। एक बदमाश ने उसके सिर में तमंचे की बट मारकर घायल कर दिया। बदमाशों ने उसका बैग लूट लिया। बैग में एक लाख 95 हजार रुपये, एक लैपटॉप, एटीएम कार्ड व बाइक के कागज रखे हुए थे। बदमाशों ने लूटपाट करने के बाद दो हवाई फायर भी किए। फायर करने के बाद बदमाश फरार हो गए। तीनों बदमाश अपाचे बाइक से आए थे। उसने बताया कि उनकी उम्र करीब 25 वर्ष के आसपास होगी। पुलिस को मामले की सूचना दी गई। पुलिस ने मौके का मुआयना किया। कोतवाल अजय कुमार का कहना है कि पीड़ित के तहरीर पर रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई की जा रही है।
बाइकर्स गैंग का आतंक
करीब दो माह से अपाचे बाइक सवार बदमाशों ने आतंक मचा रखा है। दो माह में कई लूट की वारदात में अपाचे बाइक का प्रयोग हुआ है। गांव गिलाड़ी की रीता देवी उसकी पुत्री को गन प्वाइंट पर लेकर लूटपाट की गई थी। गांव तकीपुरा के पास फेरीवाले मोहम्मद छोटे के साथ लूटपाट की गई। इसके अलावा कश्मीरी टपरौला मार्ग पर ननद और भाभी के साथ भी बाइकर्स गैंग ने लूटपाट की और ननद को चाकू मारकर घायल भी कर दिया।
एक-दो दिन बाद वारदात को भूल जाती है पुुलिस
नहटौर। ग्रामीण अरूण कुमार, विजेंद्र सिंह, दीपक कुमार, जावेद अहमद, करन सिंह, इरफान अहमद आदि का कहना है कि अधिकांश वारदातों में नहटौर पुलिस लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज ही नहीं करती है। सूचना पर काम करने के एक-दो दिन बाद पुलिस लूटपाट की वारदात को भूल जाती है। रिपोर्ट दर्ज नहीं होने से बदमाशों के हौसले बुलंद है। बदमाश बेखौफ होकर वारदात कर डालते हैं।