बिजनौर। बिजनौर से सहारनपुर के लिए अवैध रूप से लकड़ी भेजने का कारोबार खूब चल रहा है। पुलिस ने बिना कागजों के तीन ट्रैक्टर ट्राली में लदकर सहारनपुर जा रही लकड़ी पकड़ी है। पुलिस ने जांच के लिए मंडी समिति की टीम को बुलाया है।
जिले से ट्रैक्टर-ट्रॉली में मंडावर, नगीना व अन्य इलाकों से बिना कागजों के कीमती लकड़ी रात में सहारनपुर जा रही है। रोजाना राजस्व को चूना लगाया जा रहा है। शुक्रवार रात पुलिस गांव आदोपुर के पास हुए सड़क हादसे के दौरान मौके पर पहुंची थी। इस दौरान नगीना की ओर से बाईपास रोड पर तीन ट्रैक्टर-ट्रॉली लकड़ी से लदी आई। लकड़ी को सहारनपुर जिले के नांगल थाने के गांव उमाहीपोरा निवासी दो भाई अनीस अहमद व नदीम अहमद व सहारनपुर जिले के छपार थाने के गांव घस्सा निवासी अकरम लेकर अपनी ट्रैक्टर-ट्राली से ले जा रहे थे। पुलिस ने लकड़ी के कागज मांगे तो कोई कागज चालकों पर नहीं मिला। पुलिस ने तीनों ट्रैक्टर ट्राली थाने ले जाकर सीज कर दी। दो ट्रैक्टर ट्राली में पोपुलर व एक में यूकेलिप्टस की लकड़ी लदी थी। शहर कोतवाली के प्रभारी देवेंद्र सिंह धामा के मुताबिक मंडी समिति की टीम बुलाई है। किसी भी सूरत में अवैध रूप से लकड़ी नहीं जाने दी जाएगी।