अफजलगढ़ । नुमाइश प्रदर्शनी में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेजा है। पुलिस का कहना है कि पीएम रिपोर्ट में युवक की मौत के सही कारणों का पता लगेगा। पीएम रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे कार्रवाई करेगी। हालांकि परिजनों की ओर से अभी तक तहरीर नहीं दी गई है।
गौरतलब है कि अफजलगढ़ में पिछले कई दिनों से प्रदर्शनी चल रही है। बताया गया कि प्रदर्शनी में जेनरेटर पर स्योहारा थाना क्षेत्र के गांव तेलीपुर निवासी मदन पुत्र नरेश कुमार 24 वर्ष बिजली का काम करता था। मदन का शव बुधवार सवेरे जेनरेटर टेंट के पीछे मिला। युवक के गले में बिजली का तार बंधा हुआ था। गले में बंधा तार बांस में ऊपर बंधा हुआ था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक दीपचंद्र का कहना है कि मृतक के परिजनों को बुलाया गया है। पंचनामा भरकर शव को पीएम के लिए भेज दिया गया है। मृतक के परिजनों के द्वारा तहरीर मिलने व पीएस रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।