बिजनौर। पुलिस ने लूट की घटनाओं को अंजाम देने वाले चार बदमाशों को मुठभेड़ के बाद दबोच लिया। इनके पास से लूटी गईं दो बाइक, दो तमंचे, कारतूस और चाकू बरामद किए हैं। बदमाशों पर नूरपुर और धामपुर थाने में कई मुकदमे दर्ज हैं।
एसपी अतुल शर्मा के अनुसार बदमाशों ने अपने नाम थाना नूरपुर के गांव कुंडा बलदानी निवासी सत्तार, हिमांशु एवं सुरेंद्र उर्फ पम्मी, गांव अफजलपुर बलदानी निवासी अशरफ अली बताए है। इन बदमाशों ने 29 जुलाई को तराजपुर से पोटा जाने वाली सड़क पर एक व्यक्ति को रस्सी लगा बाइक से गिराकर 14 हजार रुपये लूटे थे। छह अगस्त को इन्होंने गांव पाड़ली मांडू के पास एक बाइक लूटी थी। 13 अगस्त को गांव अथाही के पास से एक बाइक सवार से 20 हजार रुपये लूूटे थे। आरोपियों के पास से दो बाइक, दो तमंचे, दो कारतूस, दो खोखे, दो चाकू और लूटे गए 1500 रुपये बरामद हुए है। आरोपियों को पकड़ने वाली टीम में नूरपुर थाने के प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार, सर्विलांस सेल प्रभारी सुमन कुमार सिंह, एसएसआई रामचंद्र सिंह, एसआई सहसरवीर सिंह, धर्मेंद्र सिंह, कांस्टेबल राजीव कुमार, प्रीतम शर्मा, हरीशचंद्र और राजबहादुर सिंह शामिल रहे।