नूरपुर। शनिवार की शाम बिजनौर डिपो की रोडवेज बस में एक थैले में नवजात का शव मिलने से सनसनी फैल गई। बस के परिचालक ने शव पुलिस को सौंपते हुए लिखित सूचना थाने में दी है।
नगर के मोहल्ला रविदास नगर निवासी मोहन सिंह पुत्र रमेश सिंह बिजनौर डिपो की बस में परिचालक के रूप में कार्यरत है। शनिवार को वह बिजनौर से नूरपुर के लिए आए थे। इसके बाद वह बस को रोडवेज स्टैंड पर ही खड़ा करने के बाद उसकी खिड़कियां बंद कर रहा था। इस दौरान मोहन सिंह को एक सीट के नीचे थैला रखा दिखाई दिया। थैले को खोलकर देखने पर वह दंग रह गया। थैले में एक मृत नवजात का शव था। मौके पर नवजात के शव को देखने के लिए भीड़ जुटनी शुरू हो गई। मोहन सिंह नवजात के शव को लेकर थाने पहुंचे और शव को पुलिस के सुपुर्द करते हुए लिखित सूचना थाने में दी। पुलिस नवजात के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की तैयारी कर रही थी।