खेत में मिला युवती का शव
किरतपुर। युवती ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली। युवती का शव गांव के ही पास स्थित गन्ने के खेत में मिला। शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करा दी गई है। पुलिस के मुताबिक शव के पास से कोल्ड ड्रिंक की बोतल और जहरीले पदार्थ की खाली शीशी भी मिली है।
ग्राम सरकड़ा खेड़ी निवासी नेपाल सिंह ने बताया कि उसकी पुत्री 21 वर्षीय पुत्री चारु पांच अक्टूबर से घर से लापता हो गई थी। परिजनों के काफी तलाश किया। लेकिन उसका सुराग नहीं लग पाया। परिजनों ने उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई। शनिवार की सुबह चारु का शव गांव के पास स्थित कुंवर सिंह के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार युवती के शरीर पर कोई चोट के निशान नहीं थे। उसके मुंह से झाग निकल रहे थे और उसके पास कोल्ड ड्रिंक की खाली बोतल भी पड़ी मिली। युवती के पिता कहना था कि गांव के ही एक सजातीय परिवार के यहां युवती का काफी आना जाना था। ग्रामीणों के मुताबिक युवती का प्रेम प्रंसग गांव में ही अपने रिश्तेदारी में रह रहे एक सजातीय युवक से चल रहा था। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सूचना मिलने पर सीओ अरुण कुमार और प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। छानबीन में युवती के पास से प्रेमपत्र भी मिले हैं।