तीन चोर पकड़े, चोरियों का किया खुलासा
चांदपुर। पुलिस ने चोरी की योजना बना रहे तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान उन्होंने नगर में चार स्थानों पर चोरी करने की घटनाओं को स्वीकार किया। उनके पास से चोरी की रकम, कीमती सामान के साथ कई उपकरण भी बरामद किए हैं।
सीओ राजकुमार सिंह ने बताया कि पुलिस ने गश्त के दौरान बृहस्पतिवार रात नूरपुर रोड पर ट्यूबवेल कॉलोनी खंडहर से चोरी की योजना बना रहे तीन बदमाशों को दबोच लिया। पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम मोहल्ला काजीजादगान निवासी उवेश उर्फ आका, मोहल्ला कटकुई निवासी मोहम्मद अकमल और मोहल्ला काजीजादगान निवासी नदीम उर्फ बाबर बताया। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वे ताला तोड़कर बंद मकान और दुकान में चोरी करते हैं। कोतवाली निरीक्षक दुर्गेश कुमार मिश्र ने बताया कि बदमाशों ने नगर में एक जनवरी को मोहल्ला काजीजादगान में अभिषेक गोयल की दुकान में चोरी की। एक जुलाई की रात मोहल्ला सरायरफी निवासी सुरेंद्र बजाज की मंडी कोटला स्थित हैंडलूम की दुकान, इसी रात मोहल्ला बाजार निवासी अफसर हाशमी के मकान के ताले तोड़कर चोरी की, पांच जुलाई को मोहल्ला शाहचंदन निवासी जुल्फिकार उर्फ बब्लू कुरैशी के भाई नासिर के मकान के ताले तोड़कर कंबल, इन्वर्टर आदि सामान चोरी किया।
चोरों के कब्जे से चोरी किए गए तीस हजार रुपये, एक इन्वर्टर, बैंक पासबुक, बेड की चादरें, तकिये, पर्दे, ताले तोड़ने में प्रयोग होने वाले उपकरण बरामद किए हैं। चोरी को अंजाम देने की सारी योजना मोहल्ला कोटला निवासी सन्नी द्वारा तैयार की गई थी। कोतवाली निरीक्षक ने बताया कि सन्नी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।