नजीबाबाद। प्रशासन द्वारा चलाए जा रहे अभियान में पत्थर से भरे दो ओवर लोड ट्रक पकड़कर सीज किए गए। एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा ने कोटद्वार रोड से रविवार की देर शाम खनन सामग्री ले जा रहे दो ओवर लोड ट्रक कब्जे में लेकर कृषि उत्पादन मंडी समिति परिसर में खड़ा कराया गया। दोनों ट्रकों पर निर्धारित वजन से काफी ज्यादा पत्थर भरे हुए थे। ओवर लोड ट्रकों को प्रशासन की ओर से सीज करने की कार्रवाई की गई। एसडीएम ने खनन और आरटीओ विभाग को दोनों ट्रक स्वामियों के खिलाफ राजस्व वसूली तथा अन्य कार्रवाई के लिए संस्तुति की।
नजीबाबाद क्षेत्र में काफी समय से आसपास के क्षेत्रों से खनन सामग्री लेकर आवागमन करने वाले खनन वाहनों से संपर्क मार्ग क्षतिग्रस्त हो रहे थे। उधर ओवर लोड खनन सामग्री के माध्यम से खनन वाहन परिवहन विभाग की आंखों में धूल झोंककर यातायात नियमों का उल्लंघन कर रहे थे। हाल ही में स्थानांतरित होकर आए एसडीएम डॉ.पंकज कुमार वर्मा ने अवैध खनन और बाहर से खनन सामग्री लाने वाले ओवर लोड खनन वाहनों पर अंकुश लगाने के लिए औचक निरीक्षण अभियान चलाया हुआ है। जिससे खनन माफियाओं में हड़कंप है।