रानीखेत (अल्मोड़ा)। चोरी की बढ़ती वारदातों के बीच मजखाली क्षेत्र के लोगों ने यहां रानीखेत-अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर तीन संदिग्ध युवकों को घेर लिया। सूचना मिलते ही वहां लोग एकत्रित हो गए, जिस कारण हाईवे कई बार बाधित रहा। तीनों युवकों ने एक जैसी वर्दी पहनी हुई थी, साथ में उनके एक हिजड़ा भी था। मामला संदिग्ध लगने पर लोगों ने उन्हें घेर लिया, वहां काफी गहमा-गहमी का माहौल बन गया। बाद में राजस्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंची, चारों संदिग्धों को छुड़ाकर उन्हें यहां तहसील लाया गया, जहां चारों से अलग-अलग पूछताछ चल रही है। कल 19 जून को उन्हें संयुक्त मजिस्ट्रेट की अदालत में पेश किया जाएगा।
संदिग्ध युवकों के दिखने से रानीखेत-अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर बूबूधाम के पास अपराह्न खासा बवाल खड़ा हो गया। मुरादाबाद के रहने वाले तीनों संदिग्ध एक ही रंग की वर्दी में थे और अपाचे और जेडएमआर दो बाइकों में सवार होकर रानीखेत की तरफ आ रहे थे। बताया गया है कि एक बाइक बिना नंबर की है, स्थानीय लोगों को शक होने पर उनसे पूछताछ की गई, भनक लगते ही वहां लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। इसी दौरान मौके पर राजस्व पुलिस पहुंच गई। उन्होंने संदिग्धों को छुड़ाया और तहसील में लाकर पूछताछ में जुट गई। नायब तहसीलदार भुवन राम ने बताया कि पूछताछ में युवकों ने अपना नाम मो. फैजल, मो. जाहिद और इरशाद हुसैन बताया। साथ में किन्नर आएशा खान भी है, जो उन्हीं के मोहल्ले की रहने वाली है। तीनों ने बताया कि वह सुबह मुुरादाबाद से बाइकों में सवार होकर नैनीताल जा रहे थे, लेकिन नैनीताल में नो एंट्री के कारण वह रानीखेत घूमने आ गए। तीनों की वर्दी एक जैसी है, पूछताछ में कई बार वह गलत बयान भी दे रहे हैं। पूछताछ जारी है, कल 19 नवंबर को उन्हें संयुक्त मजिस्ट्रेट के सम्मुख पेश किया जाएगा। पूछताछ करने वालों में उपराजस्व निरीक्षक सुरेंद्र बिष्ट, महेंद्र सिंह, विनोद टोलिया सहित तमाम लोग शामिल हैं।
एक ही वर्दी पहने हैं संदिग्ध, साथ में एक किन्नर भी
राजस्व पुलिस लोगों से छुड़ाकर लाई तहसील, पूछताछ जारी
आज संयुक्त मजिस्ट्रेट की अदालत में किया जाएगा पेश
समय पर पहुंच गई राजस्व पुलिस
रानीखेत। इन दिनों क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में ग्रामीण रात भर पहरा देने को विवश हो रहे हैं। दरअसल चोरों के दिखने की सूचना मिल रही है और ग्रामीण लाठी-डंडे पकड़कर जंगलों की खाक छान रहे हैं। बूबूधाम पर संदिग्ध युवकों के मिलने की सूचना पर लोग भड़क उठे, उन्होंने वहां जमकर हंगामा काटा। हालांकि समय पर वहां राजस्व पुलिस पहुंच गई।
सोशल मीडिया पर पुलिस की कार्यप्रणाली उठ रहे सवाल
रानीखेत। सोशल मीडिया पर इन दिनों एक खबर चर्चा का विषय बनी हुई है। जिसमें कहा जा रहा है कि दो दिन पूर्व यहां नई बस्ती के युवाओं ने रात्रि में एक बारबर को पकड़ लिया। बताया जाता है कि बारबर ने पूछताछ में पैसों के लिए यूपी के चार संदिग्ध लड़के और कुछ लड़कियों को अपने घर में रहने देने की बात कुबूली। चर्चा है कि पूरी घटना पुलिस को पता है, पुलिस ने पूछताछ के बावजूद उक्त बारबर को छोड़ दिया। इधर कोतवाल ने बताया कि पुलिस ने किसी को भी नहीं पकड़ा और ना ही पूछताछ की।