शराब के साथ पकड़े गए आरोपियों के बारे में जानकारी देतीं सीओ।
- फोटो : अमर उजाला
बिजनौर में निकाय चुनाव के लिए चोरी छिपे गैर राज्य की शराब की खूब तस्करी हो रही है। एसपी के निर्देश पर सोमवार की रात आबकारी विभाग और नूरपुर पुलिस ने शराब का अवैध जखीरा पकड़ा। तीन तस्करों को भी दबोचा है। यह शराब अरुणाचल प्रदेश से लाई गई है।
सीओ चांदपुर अंजू जैन के मुताबिक नूरपुर में स्योहारा मार्ग पर गांव ढ़ीकली के पास बंद पड़ी सरिया फैक्ट्री में खड़े ट्रक में लदी अरुणाचल प्रदेश की अंग्रेजी शराब की 1105 पेटी पकड़ी गई। पुलिस ने मौके से चांदपुर थाने के गांव भसौड़ी निवासी सरवन सिंह, नूरपुर थाने के गांव गुनियापुर निवासी नरेश कुमार और हरियाणा के जिला हिसार के गांववासी आजम शाहपुर निवासी अनंतराम दबोचा गया। सरगना यूसुफ निवासी गांव बेड़ा थाना नूरपुर, रजनीश शर्मा निवासी गांव बिसनपुरा थाना स्योहारा, निरिश कुमार उर्फ बिल्लु गुप्ता निवासी चांदपुर के अलावा दो अन्य तस्कर फरार होने में कामयाब हो गए। पकड़े गए शराब तस्करों से एक तमंचा व दो कारतूस भी बरामद हुए। शराब तस्करों ने चोकर में छिपा रखी थी। पकड़ी गई शराब की कीमत 25 लाख रुपये बताई गई है। ट्रक की पटियाला से सीतापुर तक चोकर ले जाने के लिए बिल्टी भी बनी थी।
शराब के साथ तस्कर को दबोचा
नगीना। आबकारी इंस्पेक्टर सविता चौधरी ने बताया कि नगीना बूढ़ावाला से नगीना की ओर आ रही एक इंडिका कार के रोककर तलाशी ली तो ढाई पेटी हरियाणा मार्का शराब के पव्वे बरामद किए गए। गांव बूढ़ावाला निवासी तस्कर जोहरा सिंह का दबोच लिया। पुलिस ने कार कब्जे में ले ली है। इसके अलावा पुलिस ने गांव काजीवाला निवासी ऋषिपाल और गांव हीरावाली निवासी गौतम को गांव काजीवाला में नहर के पास से 20-20 लीटर शराब के साथ दबोचा हैं।