खराब पड़े कंटेनर में जा घुसा छोटा हाथी, युवक की मौत, भाई जख्मी
समालखा। जीटी रोड पर सिद्धार्थ स्कूल के पास खड़े खराब कंटेनर में पीछे से आ रहा ‘छोटा हाथी’ जा घुसा। इसमें छोटा हाथी पर सवार एक दूध विक्रेता की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है और कंटेनर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मिली जानकारी के अनुसार पानीपत की विद्यानंद कॉलोनी निवासी विशाल (21), छोटे भाई के साथ मंगलवार सुबह करीब छह बजे छोटे हाथी से दूध लेकर समालखा आ रहा था। सिद्धार्थ स्कूल के पास जीटी रोड पर एक खराब कंटेनर खड़ा था, आरोप है कि उसका इंडीकेटर तक नहीं जल रहा था। इससे छोटा हाथी पीछे से कंटेनर में जा घुसा। जिसमें विशाल की मौके पर मौत हो गई और उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। समालखा थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव का शवगृह में रखवाकर कंटेनर चालक पर मुकदमा दर्ज कर लिया।