ओवरलोड गन्ने के सात ट्रक पकड़े, चालान
चांदपुर। रविवार दोपहर गन्ने से भरे ओवरलोड ट्रक चांदपुर हल्दौर मार्ग पर स्थित चीनी मिल पर आ रहे थे। गन्ना ट्रक से नीचेे गिर रहा था। एक बाइक सवार गन्ने की चपेट में आने से बाल बाल बचा। उसी समय हल्दौर की ओर से किसी प्रोग्राम से चांदपुर विधायक कमलेश सैनी ने अव्यवस्थित गन्ने से भरे ट्रक को रोक लिया तथा उच्चाधिकारी को सूचना दी। विधायक कमलेश सैनी ने बताया कि ट्रक चालक इस तरह से गन्ना भरते हैं कि गन्ना रास्ते में गिरता चलता है। किसी बाइक या कार पर गन्ने गिर जाए तो कोई बड़ा हादसा हो सकता है। विधायक ने अव्यवस्थित तरीके से भरे गन्ने के सात ट्रकों को रोक लिया तथा मंडी समिति में खड़ा करा दिया। कोतवाली निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने बताया कि ट्रक का चालान कर दिया है।
काला बाजारी को जा रहा खाद्यान्न पकड़ा
चांदपुर। विधायक की शिकायत पर तहसीलदार ने काला बाजारी को जा रहे खाद्यान्न के करीब 247 कट्टे पकड़े। ट्रैक्टर ट्राली को तहसील में खड़ा करा दिया है।
रविवार को ट्रैक्टर ट्राली में सरकारी गेहूं व चावल के करीब 247 बोरे बिजनौर रोड की ओर जा रहे थे। विधायक तहसील में चल रहे मोदी की मन की बात कार्यक्रम में थी। विधायक कमलेश सैनी ने बताया कि फोन पर किसी ने शिकायत की कि गरीबों को बटने वाला खाद्यान्न काला बाजारी को जा रहा है। विधायक ने तहसीलदार राकेश वर्मा को बताया। तहसीलदार ने टीम के साथ जाकर तहसील के पास ही खाद्यान्न से भरे ट्रैक्टर ट्राली को रोक लिया तथा तहसील ले आए। उधर राशन डीलरों ने तहसील पर हंगामा करते हुए कहा कि खाद्यान्न सरकारी गोदाम से लाया जा रहा है। खाद्यान्ना गांव धीवंरपुरा की राशन की दुकान का है तथा वह धीवंरपुरा जा रहा था। तहसीलदार राकेश वर्मा ने बताया कि जांच की जा रही है। खाद्यान्न सही पाया गया तो छोड़ दिया जाएगा।