अमरोहा। बीए की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म करने के मुख्य आरोपी शिवम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने बताया कि शिवम छात्रा का मंगेतर था और रिश्ता टूटने के बाद भी वह उससे फोन पर संपर्क करता था।
पुलिस के मुताबिक शिवम ने स्वीकार किया कि उसने छात्रा को फोन पर बुलाकर एक घर में पहले शराब पी और फिर उसके साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
गुरुवार को नौगांवा सादात थाना क्षेत्र की बीए की छात्रा के साथ पूर्व मंगेतर ने अपने दो साथियों के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। देर शाम किसी तरह घर पहुंचकर युवती ने परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद परिजन युवती को लेकर शहर कोतवाली पहुंचे।
जहां तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की थी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए नौगांवा सादात थाना क्षेत्र के गांव नसीर नगला निवासी शिवम, उसके साथी अव्वलपुर निवासी सौरभ और खेड़का निवासी गुड्डू खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया था।
शनिवार को पुलिस ने एक आरोपी सौरभ को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इंस्पेक्टर हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि गैंगरेप के मुख्य आरोपी शिवम को भी गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। जबकि तीसरे आरोपी खेड़का निवासी गुड्डू की गिरफ्तारी को दबिश दी जा रही हैं।