गोकशी के आरोपी को हिरासत में लिया
नगीना। पुलिस ने सूचना पर गाय काटने की कोशिश कर रहे एक युवक को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। जबकि उसके चार साथी मौके से फरार हो गए। मौके से दो गाय, एक बछड़ा और उपकरण बरामद किए हैं।
थाना प्रभारी सतेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि एसएसआई रामकुमार वर्मा, एसआई सुनील कुमार पूनिया के नेतृत्व में एक टीम को मिली सूचना पर भेजा गया। बुधवार को पूर्वाह्न 11 बजे मोहल्ला काजी सराय स्थित रईस के घेर के पीछे खाली पड़े स्थान पर छापा मारा। यहां पांच लोग रस्सी में बंधी दो गाय, एक बछड़े को काटने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने मौके पर मोहल्ला काजी सराय निवासी कफील अहमद को हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को कफील के पास से एक चाकू भी बरामद हुआ। फरार हुए मोहल्ला काजी सराय निवासी रिजवान, रवीश, कल्लू, रईस को पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही है। बरामद हुए दो गाय, बछड़े को श्रीकृष्ण गौशाला के सुपुर्द कर दिया है।