अमरोहा। कक्षा दो की छात्रा की हत्या के डेढ़ महीने बाद भी पुलिस हत्यारों का सुराग नहीं लगा सकी है। खुलासे की मांग कर रहे छात्रा के परिजनों को जल्द ही हत्यारों को पकड़ने का आश्वासन देकर बहला रही है। पुलिस की लचीली कार्यशैली से कस्बे के परिजनों का गुस्सा भड़क गया तो अंजाम कुछ और ही होगा। पुलिस के प्रति लोगों में रोष व्याप्त है। लाश के पास से बरामद हुई धमकी भरी पर्चियों को पुलिस पचा गई है। छात्रा की हत्या के बाद कस्बे के बच्चे घर से निकलने में घबरा रहे हैं।
18 फरवरी को घर से बारात देखने निकली सलीम अल्वी की छह वर्षीय बेटी शहरीन को अगवा कर उसका गला घोटकर हत्या कर दी गई थी। लापता होने के बाद करीब 24 घंटे बाद छात्रा का शव घर से दौ मीटर दूर इमामबाड़े के पीछे ईंटों के ढेर पर पड़ा मिला था। लाश के पास से कस्बे के सभी बच्चों को जान से मारने की धमकी भरा लेटर भी बरामद किया गया था। शहरीन की हत्या हुए करीब 45 दिन बीत गए। लेकिन अभी तक पुलिस मासूम के कातिलों को गिरफ्तार करने की बात तो दूर उनका सुराग तक नहीं लगा सकी है। हालांकि पुलिस जल्द हत्यारों को गिरफ्तार करने का हवाला देकर परिजनों को बहला जरूर रही है। एसपी सुधीर कुमार सिंह ने बताया कि छात्रा की हत्या को बेपर्दा करने के लिए टीमें कार्रवाई कर रही हैं। जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा।