डग्गामार वाहन से गिरकर छात्र की मौत
नजीबाबाद। डग्गामार वाहनों द्वारा विद्यार्थियों और यात्रियों को जोखिम भरा सफर कराने की भेंट एक स्कूली विद्यार्थी चढ़ गया। स्कूल से घर लौट रहा सनशाइन पब्लिक स्कूल का कक्षा नौ का विद्यार्थी डग्गामार वाहन में लटक कर घर जा रहा था। अचानक एक टैंकर की हल्की साइड लगने से विद्यार्थी सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
तहसील के गांव घोसीपुरा निवासी जितेंद्र कुमार का 14 वर्षीय पुत्र आदित्य चौधरी कोतवाली मार्ग स्थित सनशाइन पब्लिक स्कूल में कक्षा नौ में पढ़ता है। वर्तमान में जितेंद्र अपने परिवार के साथ आदर्श नगर में रहते हैं। शुक्रवार को स्कूल से वह अपने घर डग्गामार वाहन से वापस आ रहा था। मैजिक में अंधाधुंध सवारी भरी होने से आदित्य चौधरी मैजिक की एक साइड खड़ा था। अचानक पास से गुजर रहे एक टैंकर की हल्की साइड लगने से छात्र आदित्य हाईवे पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर में प्राथमिक उपचार के बाद उसकी मेरठ ले जाते समय मृत्यु हो गई। विद्यार्थी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक छात्र के पिता ने टैंकर चालक पर लापरवाही से टैंकर चलाने की तहरीर पुलिस को सौंपी है। पुलिस ने छात्र का पोस्टमार्टम कराया। देर शाम उसका अंतिम संस्कार किया गया। स्कूल के प्रबंधक विनोद मित्तल ने हादसे में छात्र की मौत पर दुख व्यक्त किया।
लटक कर करते हैं सफर
नजीबाबाद। डग्गामार मैक्स, मैजिक और प्राइवेट बसें नजीबाबाद, कोतवाली, रायपुर, बुंदकी तथा हरिद्वार मार्ग पर निर्धारित सीमा से दो से ढाई गुना यात्रियों को वाहनों में बिठाते हैं जिससे यात्रियों को जोखिम भरा सफर करने पर विवश होना पड़ता है। नजीबाबाद-बुंदकी और नजीबाबाद-रायपुर सादात मार्ग पर स्कूलों के समय बड़ी संख्या में विद्यार्थी डग्गामार वाहन और बसों में डालेे आदि पर लटक कर सफर करने को विवश होते हैं। आरटीओ विभाग की उदासीनता से कई दुर्घटनाएं हो चुकी हैं, जिसमें विद्यार्थियों सहित कई यात्रियों की मौत हो चुकी हैं।