बच्ची को गन प्वाइंट पर लेकर मां से लूटपाट
नहटौर। नहटौर-किरतपुर मार्ग पर बाइक सवार तीन सशस्त्र बदमाशों ने एक बालिका को गन प्वाइंट पर लेकर उसकी मां के कानों से सोने के कुंडल लूट लिए। विरोध करने पर बदमाशों ने महिला को जान से मारने की धमकी दी और फरार हो गए।
गांव गिलाड़ी निवासी रीता अपनी 12 वर्षीय पुत्री संध्या के साथ नहटौर-किरतपुर मार्ग पर गिलाड़ी नहर की पुलिया के पास घास काट रही थी। बाइक सवार तीन बदमाशों ने उनके पास आकर नहटौर जाने का रास्ता पूछा। दो बदमाशों ने बाइक से उतरकर संध्या के ऊपर तमंचा तान दिया और महिला के कानों से सोने के कुंडल लूट लिए। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए। बदमाशों के जाने पर महिला ने शोर मचाया। आसपास के खेतों में काम करने वाले किसान मौके की और दौड़े। मामले की सूचना पुलिस को दी गई। लूट की वारदात को बदमाशों ने नहटौर किरतपुर मार्ग पर उसी स्थान पर अंजाम दिया, जहां पर मंगलवार रात पुलिस ने मुठभेड़ में दो बदमाशों को पकड़ने का दावा किया था। इसके अलावा भी एक दिन पूर्व नहटौर-किरतपुर मार्ग पर बदमाशों ने गांव फरीदनगर के एमआर लोकेंद्र सिंह और उसकी पत्नी प्रीति के साथ लूटपाट की। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।