नजीबाबाद/भागूवाला। हाइवे पर तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार साले-बहनोई को रौंद दिया। दोनों की घटनास्थल पर मौत हो गई। दोनों की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक नईम की बेटी की पांच दिन बाद बारात आनी थी। वह अपने साले शहजाद के साथ बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकला था। तभी मौत ने दोनों को झपट लिया।
नजीबाबाद-हरिद्वार मार्ग पर इंद्रलोक होटल के निकट बृहस्पतिवार की शाम तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दो लोगों को रौंद दिया। भागूवाला के मुजाहिदा पट्टी निवासी 48 वर्षीय मजदूर पेशा नईम अपने भागूवाला निवासी साले शहजाद (20 वर्ष) के साथ अपनी बेटी रहनुमा की शादी के कार्ड बांटने निकला था। नजीबाबाद से दो किलोमीटर के फासले पर इंद्रलोक होटल के निकट तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार नईम और शहजाद को रौंद दिया। दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद हाइवे पर जाम लग गया।
थाना प्रभारी सतीश कुमार के निर्देशन में घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव घटना स्थल से उठाकर जाम खुलवाया। पुलिस ने दोनों शव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर पहुंचा दिए। सूचना मिलते ही दोनों परिवारों में कोहराम मच गया। मजदूर पेशा नईम की बेटी रहनुमा की 20 फरवरी 2018 को बारात आनी थी। दोनों की मौत से परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। ग्राम प्रधान डॉ.मो.अय्यूब और ग्रामीण सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। मृतक संबंधी श्यामीवाला के ग्राम प्रधान शमशीद की ओर से पुलिस को घटना की तहरीर सौंपी गई है।
शहजाद के लिए आज ही देखी थी लड़की
भागूवाला। मजदूर पेशा मृतक नईम का साला शहजाद पेंटर है। परिजन शहजाद की शादी की तैयारी में भी जुटे थे। आज ही शहजाद की शादी के लिए उसकी बहन नईम की पत्नी सलमा, भांजी रहनुमा और परिजन आज ही राजारामपुर लड़की पसंद करने आए थे। दोनों परिवारों में अचानक खुशियों के माहौल में गम का पहाड़ टूट पड़ा।
पुलिस ने पकड़ा डंपर
नजीबाबाद। थाना प्रभारी सतीश कुमार ने बताया कि घटना को अंजाम देने वाले डंपर को मंडावली क्षेत्र से पकड़ लिया गया है। उन्होंने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए बिजनौर भेजा जा रहा है।