नकल रोकने के लिए छापेमारी हुई तेज
डीएम को परीक्षा की रोजाना दी जा रही है जानकारी
2425 परीक्षार्थी रहे हैं गैरहाजिर
बिजनौर। शासन की बोर्ड परीक्षा को नकलविहीन बनाने की कोशिश रंग लाती दिख रही है। तीसरे दिन 2425 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे हैं। बिजनौर के एक केंद्र पर एक छात्रा नकल करते पकड़ी गई है। नकल पकड़े जाने से सचल दस्ते ज्यादा सक्रिय हो गए हैं। छापेमारी की संख्या बढ़ा दी गई है। डीआईओएस रोजाना डीएम को परीक्षा की स्थिति की जानकारी दे रहे हैं।
बोर्ड परीक्षा का बृहस्पतिवार को तीसरा दिन था। प्रथम पाली में इंटर हिंदी का पेपर था। परीक्षा में17,985 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमें 5,077 बालक और 12,908 बालिका थी। परीक्षा में 594 बालक व 600 बालिकाएं कुल 1194 परीक्षार्थी गैरहाजिर रहे। दूसरी पाली में सामान्य हिंदी का पेपर था। 16,174 बालक तथा 8,198 बालिकाएं पंजीकृत थे। इनमें 964 बालक व 240 बालिकाएं गैरहाजिर रहे। द्वितीय पाली में हाईस्कूल कृषि का पेपर था। परीक्षा में 340 बालक व तीन बालिका पंजीकृत थे। इनमें 26 बालक व एक बालिका अनुपस्थित रहे। डीआईओएस राजेश कुमार के अनुसार डीएम अटल कुमार रॉय रोजाना परीक्षा की जानकारी ले रहे हैं।
वहीं आर्य वैदिक कन्या इंटर कॉलेज बिजनौर में एक बालिका को नकल करते पकड़ा गया है। केंद्र व्यवस्थापिका लता मलहौत्रा के अनुसार इंटर हिंदी विषय में एक छात्रा को नकल करते पकड़ा है। एचआईसी किरतपुर केंद्र पर एक छात्रा को पहले ही पकड़ा जा चुका है।