एक सप्ताह बाद पुलिस के पास पहुंची गैंगरेप पीड़िता
नहटौर। रसूखदार आरोपियों से डरी गैंगरेप पीड़िता किशोरी ने एक सप्ताह बाद पुलिस के सामने आकर आपबीती सुनाई। तहरीर लेने के बाद पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल कराया। अभी तक तीनों आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं। सीओ ने भी गांव जाकर मामले की जानकारी ली।
क्षेत्र के एक गांव में एक विधवा के घर में घुसकर उसकी 16 वर्षीय पुत्री के साथ गांव के ही दो शादीशुदा युवकों सहित तीन युवकों ने गैंगरेप किया था। एक सप्ताह तक विधवा महिला और उसकी गैंगरेप पीड़िता बेटी को समझौता कराने के नाम पर आरोपियों ने थाने तक नहीं जाने दिया। आरोप है कि आरोपियों के रसूखदार होने के कारण पीड़िता थाने आने तक की हिम्मत नहीं जुटा पाई। एक सप्ताह बाद विधवा महिला अपनी पुत्री को लेकर एसपी के पास पहुंची तो मामले का खुलासा हुआ। एसपी के आदेश पर पुलिस ने तीनों युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर कार्रवाई शुरू कर दी और पीड़िता को मेडिकल के लिए भेजा। कोतवाल चंद्रकिरण का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।