बिजनौर/मंडावर। पांच माह पूर्व दरोगा सहजोर सिंह मलिक हत्याकांड की नए सिरे से जांच शुरू हो गई है। जांच की कमान खुद एसपी प्रभाकर चौधरी पर है। बुधवार को एसपी ने बालावाली क्षेत्र का पूरा इलाका खंगाला। जिस स्थान पर हत्या हुई थी, उस स्थान का काफी देर तक निरीक्षण किया। कई घंटों तक पुलिस टीम के साथ एसपी जांच करने में जुटे रहे।
मंडावर थाने की बालावाली चौकी इंचार्ज दरोगा सहजोर सिंह मलिक की 30 जून को बाइक से बालावाली चौकी जाते समय रास्ते में धारदार हथियारों से वार कर हत्या कर दी गई थी। दरोगा के शरीर पर धारदार हथियारों से कई वार किए गए थे। बदमाश उनका सरकारी पिस्टल भी लूटकर ले गए थे। पुलिस ने दरोगा हत्याकांड को खोलने के लिए एड़ी से चोटी तक के जोर लगाए, लेकिन पुलिस इस हत्याकांड को नहीं खोल पाई। पुलिस की कई टीम इस हत्याकांड के खुलासे में लगी थीं। गैर जिले की पुलिस को भी बुलाया गया था। एसटीएफ बरेली की टीम भी इस हत्याकांड का खुलासा करने में फेल हो गई। पुलिस ने इस हत्याकांड को ठंडे बस्ते में डाल दिया। एसपी प्रभाकर चौधरी ने सहजोर हत्याकांड की नए सिरे से जांच कराने के निर्देश दिए हैं। बुधवार को एसपी खुद पुलिस टीम के साथ बालावाली क्षेत्र में पहुंचे व हत्या की जांच पड़ताल की। एसपी ने पूरा इलाका खंगाला। कई घंटे तक पुलिस की टीम इलाका खंगालने में जुटी रही। इलाके के लोगों में यह देख खलबली मची रही। एसपी प्रभाकर चौधरी के मुताबिक बुधवार को उन्होंने दरोगा हत्याकांड के खुलासे के लिए एसआईटी टीम का गठन किया है। इस टीम के प्रभारी सीओ सिटी गजेंद्रपाल सिंह होंगे। टीम में अलग अलग 30 सदस्य शामिल किए गए हैं। छह विवेचक हैं। सभी विवेचक हत्याकांड के अलग अलग पर्चे काटेंगे। हर तीसरे दिन टीम उन्हें प्रगति की रिपोर्ट देगी। एसपी ने बताया कि एसपी सिटी इसकी मॉनीटरिंग करेंगे। एसपी ने दरोगा हत्याकांड के जल्द खुलने की उम्मीद जताई है।