फर्जी नंबर लगे ट्रक को पकड़ा
- ट्रक के एक केबिन में रेत और बजरी, दूसरे में लोहा
- कांटों पर बजन कराने के नाम पर व्यापारियों को लगाया जा रहा था चूना
अमर उजाला ब्यूरो
बिजनौर।
शहर कोतवाली पुलिस ने फर्जी नंबर प्लेट लगे एक ट्रक को पकड़ा है। ट्रक में लगे केबिन में रेत और बजरी भरा रहता है। दूसरे ट्रक का आधा लोहा केबिन वाले ट्रक में लादकर व्यापारियों को मोटा चूना लगाया जा रहा है। ट्रक के जरिये चूना लगाने का यह खेल पूरे पश्चिम उत्तर प्रदेश में चल रहा था।
शहर कोतवाली के एसएसआई देवेंद्र सिंह धामा के मुताबिक पुलिस ने बैराज मार्ग से एक ट्रक को पकड़ा है, ट्रक में लोहा लदा था। ट्रक मुजफ्फरनगर से लोहा लेकर बिजनौर आ रहा था। ट्रक की जांच पड़ताल की गई तो उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगी पाई गई साथ ही ट्रक के अंदर गुप्त तरीके से बने दो केबिन मिले। केबिन में रेत व बजरी भरी थी। पुलिस ने ट्रक चालक मुजफ्फनगर जिले के गांव सिंधावली निवासी आमिर हसनैन को दबोच लिया।
आमिर ने पुलिस को बताया कि मुजफ्फरनगर से कोई भी ट्रक लोहा व अन्य कीमती सामान लेकर चलता है तो रास्ते में अपने ट्रक की नंबर प्लेट पकड़े गए ट्रक पर लगाकर उसमें थोड़ा लोहा भर देता है। ट्रक में बने केबिन में 50 क्विंटल से ज्यादा रेत, बजरी भरी रहती है। इसका किसी को पता नहीं चलता है। ट्रक का रेत बजरी के साथ पहले की वजन कर लिया जाता है। उतना लोहा ट्रक में भरा जाता है जो रेत बजरी के साथ व्यापारी के यहां पहुंचने वाले वजन की बराबर हो। इसके बाद व्यापारी की देखरेख में ट्रक को कांटे पर तुलवा कर व्यापारी को वजन दिखा दिया जाता है। व्यापारी के यहां लोहा व अन्य माल ट्रक आ जाता है। व्यापारियों को पता रहा है कि उसके यहा पूरा माल आया है जबकि उसे पूरा माल नहीं मिलता है।
एक ट्रक पर डेढ़ लाख तक का चूना
बजन में गड़बड़ी करके एक ट्रक पर डेढ़ लाख रुपये तक का माल साफ कर दिया जाता है। ट्रक बिजनौर के अलावा वेस्ट यूपी के अन्य जिलों में भी माल लेकर जाता है। एक ही ट्रक नहीं कई ट्रक इस काम को करने में जुटे है। ऐसे ट्रकों में केबिन बने हुए हैं। चालक आमिर ने पुलिस को बताया कि दोनों ट्रकों की नंबर प्लेट की अदला बदली माल केबिन वाले ट्रक में भरने के दौरान की जाती है। यह काम वह काफी दिनों से कर रहे हैं। मुजफ्फरनगर से लोहा बिजनौर आए या सहारनपुर या किसी अन्य जिले में सब ट्रकों में यह खेल हो रहा है।