नूरपुर। शादी तय होने के बाद दहेज में बीस लाख रुपये और स्विफ्ट कार की मांग करने पर लड़की पक्ष ने असमर्थता जताई तो लड़के के परिजनों ने उन्हें मारपीट कर घर से निकाल दिया और शादी से इंकार कर दिया। युवती के पिता ने घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।
नूरपुर के एक मोहल्ला निवासी युवती की शादी थानाक्षेत्र के गांव पुवैना जमालपुर निवासी आशुतोष पुत्र उमेश के साथ तय हुई थी। युवती के पिता के अनुुुसार सगाई में उनकी डेढ़ लाख रुपये नगद दिया । इसके बाद लड़के वालों की मांग लगातार बढ़ती जा रही थी। युवती की शादी फरवरी में प्रस्तावित थी। रविवार को लड़के वालों ने लड़की के पिता को अपने घर बुुलाया और शादी में बीस लाख रुपये नगद और स्विफ्ट कार की मांग रख दी। लड़की के पिता द्वारा भारी भरकम दहेज देने में असमर्थता जताई तो उनके पुत्र और बड़ी पुत्री के साथ मारपीट और अभद्रता करते हुए शादी करने से ही इंकार कर दिया। युवती के पिता ने इस मामले की तहरीर पुलिस को दी है। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र कुमार ने तहरीर मिलने की पुष्टि करते हुए बताया कि जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।