निकाह का झांसा देकर युवती से किया दुष्कर्म
स्योहारा। युवती को निकाह का झांसा देकर एक युवक सात साल तक उसके साथ दुष्कर्म करता रहा। युवक ने धोखा देकर दूसरी युवती से निकाह कर लिया। युवक युवती के अश्लील फोटो दिखा कर उसकी दूसरी जगह शादी नहीं होने दे रहा है। युवती ने आरोपी युवक समेत पांच लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थानाक्षेत्र के गांव निवासी युवती ने बताया कि गांव के ही नौशाद ने सात साल पूर्व उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर उसकी अस्मत से खेलता रहा। इस दौरान युवक ने उसके अश्लील फोटो भी खींच लिए। युवती ने जब भी युवक पर शादी का दबाव बनाया तो वह लगातार टालमटोल करता रहा। कुछ माह पूर्व नौशाद ने बिना बताए दूसरी युवती से निकाह कर लिया। युवती ने आरोप लगाया है कि अब जहां भी उसकी शादी की बात चलती है तो आरोपी उसकी अश्लील फोटो दिखा कर उसकी शादी तुड़वा देता है। 28 अक्टूबर को युवती अपने परिजनों साथ आरोपी युवक के घर पहुंची और विरोध व्यक्त किया। आरोप है कि युवक ने परिजनों के साथ मिलकर उसके साथ गाली गलौज और मारपीट की। युवती को जान से मारने की धमकी दी गई। थानाध्यक्ष अरिहंत कुमार सिद्धार्थ ने बताया कि युवती ने नौशाद, उसके पिता अनवार अहमद, भाई अफसार, आसिफ और फरमान खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोपी अपने घर से फरार हैं, पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।