बढ़ापुर। पुलिस ने दो बाइक चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्ज से चोरी की सात बाइक बरामद की हैं। शातिरों ने चोरी की बाइकों को झाड़ियों में छिपाकर रखा था। इनमें से तीन बाइक बढ़ापुर क्षेत्र से चोरी की गई हैं।
एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक बढ़ापुर थाने के प्रभारी निरीक्षक धर्मपाल सिंह शनिवार शाम टीम के साथ गश्त कर रहे थे। बढ़ापुर-सरदारपुर छायली मार्ग पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के पास उन्होंने दो बाइकों पर सवार युवकों को रोककर उनकी तलाशी ली। पूछताछ करने पर युवकों के पास मिलीं दोनों बाइक चोरी की पाई गईं। पकड़े गए दोनों ने युवकों ने अपने नाम बढ़ापुर के मोहल्ला नौमी निवासी रविंद्रपाल सिंह उर्फ रवि और मोहल्ला सब्जी मंडी निवासी सुशील कुमार बताए। दोनों बढ़ापुर के साथ आसपास के क्षेत्र में सक्रिय रहकर बाइक चोरी की घटना को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर राजकीय कन्या इंटर कॉलेज के पीछे झाड़ियों में छिपाकर रखी गईं पांच बाइक और बरामद कीं। बरामद बाइकों में से तीन बाइक बढ़ापुर क्षेत्र से चोरी की गई हैं। थाने में इनकी चोरी की रिपोर्ट भी दर्ज है। एसपी उमेश कुमार सिंह ने बाइक चोरों को दबोचने वाली पुलिस टीम को पांच हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।