पुलिस ने किया अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश
फोटो 5 व 6
-चोरी की 12 बाइक और एक कार समेत एक गिरफ्तार
-दिल्ली, हरियाणा समेत आसपास के जनपदों से वाहन चोरी करता था गैंग
अमर उजाला ब्यूरो
अमरोहा/रजबपुर। थाना रजबपुर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गैंग का पर्दाफाश किया है। मुठभेड़ में गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर दिल्ली, हरियाणा समेत आसपास के जनपदों से चोरी की गई 12 बाइक और सेंट्रो कार बरामद की है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार मिश्रा ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में प्रेसवार्ता कर गैंग का खुलासा किया है।
पुलिस अधीक्षक अमरोहा के निर्देशन में अपराध नियंत्रण एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के अन्तर्गत मंगलवार की सुबह चेकिंग के दौरान थाना रजबपुर पुलिस अतरासी-हसनपुर मार्ग पर चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान एक बाइक सवार को रोक कर तलाशी ली, तो उसके पास से 312 बोर का एक तमंचा और दो जिन्दा कारतूस मिले। साथ ही बाइक भी चोरी की निकली। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त से पूछताछ की, तो वाहन चोर गैंग का खुलासा हुआ। पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर सह-अभियुक्त के घर से 12 दोपहिया वाहन व एक सेंट्रो कार बरामद की। पुलिस अधीक्षक ने प्रेसवार्ता में बताया कि इमरान निवासी गांव हैबतपुर थाना रजबपुर को गिरफ्तार किया गया है। उसने चोरी की 12 बाइक और एक सेंट्रो कार बरामद कराई है। पूछताछ में इमरान ने बताया कि वह साथियों के साथ संभल, मुरादाबाद, अमरोहा और एनसीआर से वाहन चोरी करते थे ।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली टीम में थाना रजबपुर प्रभारी निरीक्षक देंवेंद्र कुमार शर्मा, वरिष्ठ उपनिरीक्षक सुनील कुमार, उपनिरीक्षक रामकुमार वशिष्ठ, रजनीश कुमार, सिपाही मेघ सिंह, अरविन्द कुमार, राहुल कश्यप, चालक मनोज कुमार आदि शामिल हैं।