पुलिस ने बाइक चोरों का गैंग दबोचा
बिजनौर/धामपुर। धामपुर पुलिस ने दो बाइक चोरों को चोरी की पांच बाइक व एक स्कूटी के साथ दबोचा है। बरामद बाइकों में एक बाइक वन दरोगा की है। चोर नजीबाबाद, धामपुर व नगीना से बाइक चोरी करते थे।
एसपी देहात विश्वजीत श्रीवास्तव के मुताबिक अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत धामपुर पुलिस ने तहसील तिराहे से धामपुर के गांव मनकुआं निवासी पिंटू शर्मा उर्फ नकटा व धामपुर की वाल्मीकि बस्ती निवासी अश्वनी उर्फ नोनी को चोरी की दो बाइकों के साथ दबोचा। पुलिस ने उनसे कड़ाई से पूछताछ की तो नहटौर रोड पर बंद पड़े कोल्हू के पास बने मकान से चोरी की तीन बाइक व एक स्कूटी बरामद की। पकड़े गए चोरों ने पुलिस को बताया कि चोरी की बाइक वे ढाई ढाई हजार रुपये तक में बेचते थे। कोई ग्राहक फंस जाता था तो उसे दस से 15 हजार रुपये में किस्तों पर बाइक दे देते थे। पूरा पैसा मिलने पर बाइक के कागज देने की बात कहते थे। अश्वनी उर्फ नोनी बाइक बेचने में माहिर है। चोरों ने राजगढ़ रेंज के वन दरोगा चंद्रभान सिंह की भी नगीना से बाइक चोरी की थी। वह बाइक भी बरामद हो गई है। इसके अलावा नगीना के एक चिकित्सक की स्कूटी चोरी की थी। यह स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। पिंटू शर्मा दो माह पहले ही जेल से छूटकर आया है। तभी से वह बाइक चोरी करने में लग गया।