हाईवे पर टेंपो पलटा, सात घायल
नजीबाबाद। नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर तेज रफ्तार टेंपो बाइक को बचाते समय पलट गया। टेंपो पलटने से टेंपो में सवार सात यात्री घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद बिजनौर रेफर किया गया।
नजीबाबाद-कोटद्वार मार्ग पर कृषि उत्पादन मंडी समिति के निकट एक टेंपो मोटरसाइकिल को बचाते हुए पलट गया। टेंपो पलटते ही टेंपो में सवार यात्रियों में चीख पुकार मच गई। टेंपो बड़िया से यात्रियों को लेकर नजीबाबाद आ रहा था। टेंपो में किसान सहकारी चीनी मिल और बिजनौर के गांव भगैन के यात्री सवार थे। टेंपो पलटने से किसान सहकारी चीनी मिल निवासी रेणु सैनी पत्नी गौरव, विसौत देवी पत्नी वीरेंद्र, लुकादढ़ी निवासी सुमन पत्नी सुरेश और बिजनौर के भगैन निवासी अरुण पुत्र सीताराम, तुलाराम पुत्र झब्बन सिंह, आशु पुत्र सीताराम, गंगादेई पत्नी रामचंद्र और मुन्नी पत्नी सीताराम घायल हो गए।
घायलों को टेंपो से निकालकर करीब चार किमी दूर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र समीपुर में भर्ती कराया गया। सीएचसी के डॉ.अमित कुमार, प्रदीप रावत ने घायलों को प्राथमिक उपचार दिया। मार्ग दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल तुलाराम, अंशु और मुन्नी को बिजनौर रेफर किया गया। सभी की हालत खतरे से बाहर है।