अफजलगढ़। गांव कासमपुरगढ़ी में दो दिन पहले हुई कहासुनी को लेेकर एक पक्ष ने दूसरे पक्ष के दो युवकों पर चाकू और तबल से हमला कर लहूलुहान कर दिया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी पक्ष गांव छोड़कर फरार हो गया है।
कासमपुरगढ़ी निवासी शराफत पुत्र विलायत हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका छोटा भाई मोहम्मद शुऐब और उसका दोस्त मोहम्मद दानिश अपने घर जा रहे थे। आरोप है कि होली चौक पर मोहम्मद सलमान पुत्र इसरार, मोहम्मद कैफ पुत्र मतलूब, मतलूब खां नेे पुरानी रंजिश को लेकर दोनों को घेर लिया और चाकू एवं तबल से वार कर दिया। इसमें दोनों गंभीर घायल हो गए। परिवारवालों के जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। वहां से दोनों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। उधर, कोतवाल प्रेमवीर सिंह राणा का कहना है कि मोहम्मद सलमान, मोहम्मद कैफ और मतलूब उर्फ गुड्डू के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश दे रही है। जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।