पूर्व विधायक समेत सात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
नजीबाबाद (बिजनौर)।
जिला पंचायत सदस्य के अपहरण के आरोप में पूर्व विधायक एवं बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष समेत सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
जिला पंचायत के वार्ड-14 से सदस्य धारा सिंह के अपहरण के आरोप में उनकी पत्नी वीरबाला ने बिजनौर की पूर्व विधायक रुचि वीरा, बसपा के पूर्व जिलाध्यक्ष सतपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष उदयन वीरा, जिला पंचायत सदस्य सलीम एवं दो अज्ञात लोगों के खिलाफ धारा 364 एवं एससी/एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज कराई है। वीरबाला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि उनके पति 30 जून को गांव बिजौरी से नजीबाबाद आए थे। नजीबाबाद में आरोपियों ने उनका अपहरण कर लिया।
वीरबाला के मुताबिक, बिजनौर पुलिस के प्रयासों से पति के सकुशल बरामद होने पर उन्होंने आपबीती बताई। वीरबाला ने बताया कि मौजूदा जिला पंचायत अध्यक्ष उदयन वीरा के खिलाफ जिला पंचायत सदस्य लामबंद हैं। पति धारा सिंह भी अध्यक्ष का विरोध कर रहे हैं। इससे बौखलाकर उनका अपहरण किया गया था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास शुरू कर दिए हैं।