अपहृत छात्रा का दूसरे दिन भी नहीं हुआ मेडिकल
धामपुर। आठवीं कक्षा की छात्रा को बहलाफुसलाकर अपहरण कर ले जाने वाले आरोपी शिक्षक का पुलिस ने अभी चालान नहीं किया गया है। दूसरे चरण का लोकसभा चुनाव होने के कारण जिले में महिला चिकित्सक की उपलब्धता न होने से उसका किशोरी का मेडिकल नहीं हो सका है। किशोरी फिलहाल पुलिस की देखरेख में परिजनों की सुपुर्दगी में है।
गौरतलब है कि नगीना मार्ग स्थित एक विद्यालय का शिक्षक अपने ही विद्यालय की आठवीं कक्षा की छात्रा को दो दिन पहले बहला फुसलाकर अपहरण कर ले गया था। छात्रा के परिजनों ने शिक्षक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। छात्रा के गैर समुदाय का होने के कारण मामले को पुलिस ने गंभीरता से लिया और छात्रा को घटना के अगले ही दिन मुरादाबाद से बरामद कर शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी स्योहारा थाने के गांव हसनपुर निवासी जोगिंद्र भारद्वाज है। जोगिंद्र नगर के विद्यालय में शिक्षक था। जो कुछ समय पहले विद्यालय से इस्तीफा देकर चला गया था। पुलिस ने बुधवार को छात्रा का मेडिकल कराने का पूरा प्रयास किया, लेकिन महिला डॉक्टर की उपलब्धता न होने से उसका परीक्षण नहीं हो सका है। कोतवाल ने बताया कि जब तक पीड़िता का मेडिकल परीक्षण नहीं हो जाता है, तब तक पुलिस भी घटना के आरोपी का चालान नहीं कर सकती। मेडिकल परीक्षण कराने के बाद पुलिस पीड़िता को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा। इसके बाद मजिस्ट्रेट का जो आदेश होगा, पुलिस उसका पालन करेगी। फिलहाल पुलिस की ओर से पीड़िता को महिला पुलिस की देखरेख में उसके परिजनों की सुपुर्दगी में है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पोस्को अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।