किरतपुर पुलिस ने पकड़ी तमंचा बनाने की फैक्टरी
बिजनौर। किरतपुर पुलिस ने मंडावर मार्ग पर खंडरनुमा मकान से अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। फैक्टरी से बने अधबने तमंचों के अलावा तमंचे बनाने के उपकरण बरामद किए गए हैं। एक आरोपी को पुलिस ने दबोचा है जबकि उसका साथी भाग निकला।
एसपी संजीव त्यागी के मुताबिक एसपी के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत किरतपुर पुलिस ने मंडावर मार्ग पर खंडरनुमा मकान में छापा मारकर अवैध शस्त्र बनाने की फैक्टरी पकड़ी है। फैक्टरी से दो 12 बारे के तमंचे, दो 315 बोर के तमंचों के अलावा तीन कारतूस, हथौड़ा, 13 नाल, पेंचकस, तिकानी रेती, छिनी, दो आरी, कटर समेत तमंचे बनाने के अन्य उपकरण बरामद किए हैं। किरतपुर थाने के गांव हुसैनपुर निवासी नासिर उर्फ गुड्डू को दबोचा है। उसका साथी किरतपुर के मोहल्ला अंसारियान निवासी शहजाद भाग निकला। नासिर ने पुलिस को बताया कि वह काफी समय से तमंचे बनाकर बेचने का काम कर रहा है। लोकसभा चुनाव में मांग बढ़ने पर तमंचे भारी मात्रा में बनाने की तैयारी थी। इस काम में वे जुटे थे। तमंचे बनाने के लिए सामान इकट्ठा किया था। तमंचे बनाने के बाद उनमें वेल्डिंग कराने का काम शहजाद बाहर से करा कर लाता था। चोरी छिपे शहजाद इन तमंचों को ले जाता था।