अफजलगढ़। विद्युत निगम की टीम पर हमला कर उनके वाहनों में तोड़फोड़ करने के आरोप में पुलिस ने नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गांव मुरलीवाला में दबिश दी। गिरफ्तारी के भय से आरोपी भूमिगत हो गए। कोतवाल प्रेमवीर सिंह राणा का कहना है कि किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
जब विद्युत निगम की टीम एक्सईएन अमित कुमार सक्सेना के निर्देशन में गांव मुरलीवाला में बिजली चेकिंग कर रही थी तो गांव के लोगों ने चेकिंग का विरोध करते हुए टीम पर हमला बोल दिया था। उनके वाहनों को तोड़ डाला था। इस दौरान अधिकारियों से किसी तरह से गांव से भाग कर जान बचाई थी। निगम के अधिकारियों की ओर से 42 लोगों को नामजद करते हुए कई के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट कायम कराई थी। रिपोर्ट में बताया कि इस गांव में व्यापक स्तर पर ग्रामीण बिजली चोरी कर सरकार को राजस्व का चूना लगा रहे हैं। जब अधिकारी बिजली चोरी रोकने को छापेमारी करने का प्रयास करते हैं, तो ग्रामीण उनका विरोध करते हैं। सरकारी कार्य में बाधा डालते हैं। एक्सईएन अमित कुमार ने कोतवाल से आरोपियों पर कड़ी कार्रवाई करने की सिफारिश की है। उधर, पुलिस में रिपोर्ट कायम होने के बाद पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी को दबिश देने का काम शुरू कर दिया है। कोतवाल का कहना है कि पुलिस ने बृहस्पतिवार रात कई बार दबिश दी, पर अभी तक कोई आरोपी हत्थे नहीं चढ़ सका है।