नजीबाबाद। बीमारी से पीड़ित व्यक्ति को अस्पताल में भर्ती कराते ही चोरों ने उसकेे मकान का ताला तोड़कर लाखों रुपये मूल्य के आभूषण और लाखों की नगदी चोरी कर ली।
चौक बाजार में कपड़े की दुकान पर काम करने वाले अमित कुमार को डेंगू बुखार की आशंका होने पर परिवार ने बुधवार रात नगर के पूजा हॉस्पिटल में भर्ती कराया। अमित की पत्नी पूजा पति के साथ अस्पताल में ही थी। अमित टांक और उसके भाई सुमित टांक का परिवार में एक ही मकान में रहता है। सुमित अपने परिवार के साथ बरेली गया हुआ था।
बुधवार रात चोरों ने मोहल्ला मजीदगंज की संकरी गली में स्थित मकान का ताला तोड़कर अमित और सुमित के कमरों को खंगाल डाला। चोर अमित के कमरे से करीब तीन लाख रुपये कीमत के आभूूषण और करीब डेढ़ लाख रुपये की नगदी चोरी कर ले गए। अमित के कमरे से सटे सुमित के कमरे की सेफ तोड़कर चोरों ने करीब डेढ़ लाख रुपये मूल्य के आभूषण, एलसीडी, मोबाइल आदि कीमती सामान चोरी कर लिया। अस्पताल से प्रात: घर लौटे परिवार को चोरी की जानकारी मिली। अस्पताल में भर्ती अमित की पत्नी पूजा की तहरीर पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर चोरी की जानकारी ली। चोरी की बड़ी घटना से क्षेत्रवासियों में दिनभर हड़कंप मचा रहा।